चंडीगढ़, 11 मई (भाषा) पंजाब में आठ नगर निगमों समेत 105 स्थानीय निकायों के लिए मतदान 26 मई को होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजकमल चौधरी ने सोमवार को यह घोषणा की।
मतगणना 29 मई को होगी।
चौधरी ने यहां मीडिया को चुनावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये चुनाव मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट स्थित आठ नगर निगमों में होंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए चुनाव होंगे, जिससे 105 नगर निकायों के अंतर्गत कुल 2,019 वार्ड में मतदान होगा।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
चौधरी ने बताया कि इन नगर निकायों के लिए 36,72,932 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 17,73,716 महिलाएं हैं।
मतदान 3,977 केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा।
चौधरी ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 13 मई से शुरू होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मई है।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 19 मई है।
उन्होंने कहा कि चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस के 35 हजार से अधिक कर्मियों को तैनात किया जायेगा।
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश