पंजाब: ‘आप’ सरपंच की हत्या के मामले में मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
पंजाब: ‘आप’ सरपंच की हत्या के मामले में मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़, 22 फरवरी (भाषा) पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के एक सरपंच की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि सरपंच की एक विवाह समारोह के दौरान अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरेंद्र लांबा ने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने नौशहरा पन्नुआन में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवाओं को रोका। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं और भागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि दोनों की पहचान तरनतारन के चोला साहिब के शरणप्रीत सिंह और हरदीप सिंह के तौर पर हुई। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में घायल हुए दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लांबा ने बताया कि शरणप्रीत सरपंच हत्याकांड के चार मुख्य आरोपियों में से एक है और घटना वाले दिन वह सरपंच हत्याकांड में शामिल हमलावरों के साथ मौजूद था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
ठठियां मेहता गांव के ‘आप’ सरपंच हरबरिंदर सिंह की बुधवार को तरनतारन जिले में एक विवाह समारोह के दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी।
यह घटना अमृतसर जिले के वल्टोहा गांव के एक अन्य सरपंच और ‘आप’ नेता झारमल सिंह की एक विवाह समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या किए जाने के लगभग एक महीने बाद हुई।
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


