लुधियाना (पंजाब), दो नवंबर (भाषा) लुधियाना जिले के जगरांव में शुक्रवार को 25 वर्षीय एक कबड्डी खिलाड़ी की हत्या के सिलसिले में रविवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
लुधियाना ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकुर गुप्ता ने कहा कि आरोपियों की पहचान गगनदीप सिंह और हरप्रीत सिंह उर्फ हनी के रूप में हुई है।
एसएसपी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि हत्या पुरानी निजी रंजिश का नतीजा थी।’’
शुक्रवार को जगरांव में पांच छह लोगों के एक समूह ने तेजपाल सिंह की पिटाई की और फिर दिनदहाड़े गोली मार दी। मृतक के परिवार ने हमलावरों की गिरफ्तारी होने तक उसका अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू जगरांव के पास गिद्दर्विन्दी गांव में तेजपाल के घर गए और परिवार को दोषियों को सजा दिलाने में केंद्र की ओर से पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया।
बिट्टू ने पंजाब की ‘आप’ सरकार की भी आलोचना की और कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
बिट्टू ने कहा, ‘‘हाल के हफ़्तों में दिनदहाड़े हत्या, लूट और जबरन वसूली के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं जबकि राज्य प्रशासन नागरिकों में बढ़ती असुरक्षा के प्रति ध्यान नहीं दे रहा है।’’
भाषा प्रचेता शफीक
शफीक