प्रश्नपत्र लीक: कांग्रेस ने प्रदर्शनकारी छात्रों की कानूनी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया

Ads

प्रश्नपत्र लीक: कांग्रेस ने प्रदर्शनकारी छात्रों की कानूनी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 07:11 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 07:11 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस और पार्टी का छात्र संगठन प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ लड़ाई में छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा हालिया प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तारी या कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे छात्रों को कानूनी मदद मुहैया कराने के लिए एक हेल्पलाइन शुरु गई है।

जाखड़ ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि छात्र कानूनी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर पर ‘मिस्ड कॉल’ दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस जरूरतमंद छात्रों को पूरी मदद मुहैया कराएगी।

एनएसयूआई अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में 25 से अधिक छात्रों ने अपनी जान दे दी, लेकिन सरकार के प्रतिनिधि उनके परिवारों से मिलने तक नहीं पहुंचे, जो इस सरकार की ‘‘संवेदनहीनता’’ को दर्शाता है।

जाखड़ ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे छात्रों पर दिल्ली में किये गए कथित लाठीचार्ज और ‘‘बर्बरता’’ की निंदा की।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जबकि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर एके-47 से गोलियां चलाए जाने की खबरें हैं।

उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा एनएसयूआई की प्रमुख मांगों में से एक था, लेकिन संगठन की अन्य मांगें भी हैं।

जाखड़ ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, देश में परीक्षा कैलेंडर जारी करने और प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कठोर कानून बनाने की मांग की।

भाषा

हक हक सुभाष

सुभाष