दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना; 2023 के बाद से मार्च में सबसे अधिक बारिश दर्ज

दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना; 2023 के बाद से मार्च में सबसे अधिक बारिश दर्ज

दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना; 2023 के बाद से मार्च में सबसे अधिक बारिश दर्ज
Modified Date: March 19, 2026 / 10:17 pm IST
Published Date: March 19, 2026 10:17 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बारिश और तेज हवाओं से दिन का तापमान तेजी से गिर गया और पिछले तीन वर्षों में इस बार मार्च में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जिसमें औसतन 9.4 मिमी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है।

लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुककर होने वाली बारिश ने शहर को राहत दी, जो कई दिनों से गर्मी से जूझ रहा था।

शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में 19 मार्च तक औसतन 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य मासिक औसत 12.6 मिमी है। पिछली बार मार्च में इससे अधिक बारिश 2023 में दर्ज की गई थी, जब कुल बारिश 50.4 मिमी थी।

सफदरजंग और लोधी रोड में क्रमश: 8.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि रिज क्षेत्र में 8.6 मिमी और पालम में 6.2 मिमी बारिश हुई।

आयानगर में 7.2 मिमी और पीतमपुरा में 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा मयूर विहार में तीन मिमी, जबकि जनकपुरी में 12.5 मिमी बारिश हुई।

बुधवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी।

सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे से पूर्वाह्न 11.30 बजे के बीच मामूली बारिश दर्ज की गई। आयानगर में अपराह्न 2:30 बजे तक 0.5 मिमी और शाम 5:30 बजे तक 0.7 मिमी की अपेक्षाकृत अधिक वर्षा दर्ज की गई। मयूर विहार में 3.0 मिमी बारिश हुई।

बृहस्पतिवार को शहर भर में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा, सफदरजंग और लोधी रोड में क्रमशः 26.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 4.5 और 3.2 डिग्री कम था।

मौसम विभाग ने बताया कि रिज में तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम था, जबकि पालम और आयानगर में क्रमशः 25.3 डिग्री सेल्सियस और 25.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 6.3 डिग्री और 6.8 डिग्री कम था।

शहर में न्यूनतम तापमान सफदरजंग में 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। पालम और रिज में क्रमशः 17.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक और 0.7 डिग्री कम है।

लोधी रोड में तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था, जबकि आयानगर में तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक था।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इससे पहले दिल्ली, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में ‘‘मध्यम वर्षा और बिजली गिरने (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं) के साथ ओलावृष्टि का अनुमान जताया था।

विभाग ने शुक्रवार के लिए भी इसी तरह के हालात का पूर्वानुमान जताया है, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के ऊपर स्थित है, जिसके कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी वर्षा हो रही है। वहीं, हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी बारिश हो रही है।’’

उन्होंने कहा कि हालांकि पहले के पूर्वानुमानों में अधिक बारिश का अनुमान जताया गया था, लेकिन अब यह प्रणाली देश के पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ रही है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 137 था।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में