शिमला, 14 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश में 17 से 20 अप्रैल तक बारिश हो सकती है क्योंकि 15 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। स्थानीय मौसम विभाग ने मंगलवार को यह कहा।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार और शनिवार को 12 जिलों में से चार से सात जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने, आकाशीय बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए पीली चेतावनी जारी की है।
इस बीच, मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार शाम छह बजे से पिछले 24 घंटों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि केलांग में रात के समय सबसे कम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में दिन के समय सबसे अधिक तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश