राजस्थान में बारिश सामान्य से 12.46 फीसदी कम, नीमकाथाना में 85 मिमी बारिश: मौसम विभाग

राजस्थान में बारिश सामान्य से 12.46 फीसदी कम, नीमकाथाना में 85 मिमी बारिश: मौसम विभाग

राजस्थान में बारिश सामान्य से 12.46 फीसदी कम, नीमकाथाना में 85 मिमी बारिश: मौसम विभाग
Modified Date: August 10, 2026 / 04:23 pm IST
Published Date: August 10, 2026 4:23 pm IST

जयपुर, 10 अगस्त (भाषा) राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जबकि सीकर और झालावाड़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में सीकर के नीमकाथाना में सर्वाधिक 85 मिलीमीटर बारिश हुई, जो भारी बारिश की श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में एक जून से 10 अगस्त तक कुल 234.02 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत बारिश 267.34 मिलीमीटर है। इस तरह राज्य में बारिश 12.46 प्रतिशत कम रही।

हालांकि, राज्य में बारिश सामान्य श्रेणी में है। सामान्य बारिश की श्रेणी औसत से 19 प्रतिशत कम से लेकर 19 प्रतिशत अधिक तक मानी जाती है।

मौसम विभाग ने बताया कि बाड़मेर, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, डीग, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनूं और फलोदी में औसत से 20 से 59 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है जबकि अजमेर, अलवर, बालोतरा, चूरू, धौलपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर, प्रतापगढ़, सलूंबर और सीकर सामान्य वर्षा हुई।

विभाग का कहना है कि बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, जैसलमेर, जालोर, झालावाड़, करौली, कोटा, पाली, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक और उदयपुर कम बारिश वाली श्रेणी में हैं। इन जिलों में सामान्य से 20 से 59 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

राज्य का कोई भी जिला बहुत कम बारिश या असामान्य बारिश वाली श्रेणी में नहीं है।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में