राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जगह बारिश

Ads

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जगह बारिश

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 11:44 AM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 11:44 AM IST

जयपुर, 19 मार्च (भाषा) एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे में राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। राज्य में आज भी कई जगह बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई है। सर्वाधिक बारिश बाड़मेर में 16.6 मिलीमीटर हुई।

इसके अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज 19 मार्च को भी पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। आज बृहस्पतिवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी चलने तथा बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

वहीं 20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बादलों की गरज के साथ बारिश होने तथा जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर संभाग के अधिकतर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। 21 मार्च को मौसम शुष्क रहने एवं 22 मार्च को पुनः बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

इस बीच राज्य में बदले मौसम तथा आंधी बारिश के असर से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इस समय अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे है।

भाषा पृथ्वी मनीषा

मनीषा