राजस्थान एएनटीएफ ने 4.5 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम जब्त की, दो तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान एएनटीएफ ने 4.5 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम जब्त की, दो तस्कर गिरफ्तार
जयपुर, 10 जून (भाषा) राजस्थान की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने लगभग 4.5 करोड़ रुपये मूल्य की करीब 90 किलोग्राम अफीम जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, अफीम की यह खेप मणिपुर से एक ट्रक के जरिए लाई जा रही थी और इसे उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा के रास्ते राजस्थान पहुंचाया जाना था।
राजस्थान एएनटीएफ की हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और नागौर इकाइयों ने ट्रक की गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी। हालांकि, राजस्थान में प्रवेश करने से ठीक पहले हरियाणा के सिरसा जिले के पास ट्रक के अचानक रुक जाने से अधिकारियों को संदेह हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों और उनके मुख्य संचालक ‘हैंडलर’ के बीच ‘कोड-वर्ड’ में हुई बातचीत से संकेत मिले कि अभियान की जानकारी लीक हो सकती है। बातचीत में जोधपुर के लिए ‘‘श्रीनगर’’ कोड-वर्ड का इस्तेमाल किया गया था। संदेह होने पर वाहन रोकने और आवश्यकता पड़ने पर रास्ते में ही खेप को नष्ट करने के निर्देश भी दिए गए थे।
पुलिस महानिरीक्षक (एएनटीएफ) विकास कुमार के नेतृत्व में टीम ने सिरसा पुलिस के सहयोग से संदिग्ध ट्रक का पता लगाया। प्रारंभिक जांच में ट्रक पूरी तरह खाली दिखाई दिया और चालक अनभिज्ञता जताता रहा।
हालांकि, एएनटीएफ टीम ने ट्रक के निचले हिस्से (चेसिस) की गहन जांच की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। तस्करों ने ट्रक के नीचे लोहे की प्लेट की वेल्डिंग कर तथा नट-बोल्ट की मदद से एक गुप्त केबिननुमा संरचना बना रखा था।
कटर से इस गुप्त खांचे को खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई 95 पोटलियों से 88.970 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
मौके से पाली जिले के निवासी किशनाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मामले के मुख्य सूत्रधार सुखराम बिश्नोई को भी गिरफ्तार कर लिया है।
एएनटीएफ मामले की जांच कर रही है।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी

Facebook


