जयपुर, 17 अगस्त (भाषा) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियों के तहत सोमवार को 23 जिलों के पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कीं।
राजस्थान के लिए कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 5 बजे तक छह सत्रों में ये बैठकें कीं। इस दौरान जिलों में चुनावी तैयारियों और रणनीति को लेकर नेताओं से जानकारी ली गई।
बैठकों में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा कांग्रेस सचिव एवं राजस्थान के सह-प्रभारी चिरंजीवी राव भी शामिल हुए।
पार्टी के अनुसार, बैठकों में संबंधित जिलों के जिला अध्यक्ष, विधायक और पूर्व प्रत्याशी, सांसद और पूर्व प्रत्याशी, जिला प्रभारी, जिला परिषद प्रमुख, महापौर तथा संबंधित जिलों में रहने वाले अग्रिम संगठनों और विभागों/प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों ने भाग लिया।
पार्टी ने बताया कि शहरी निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए प्रस्तावित रणनीति पर नेताओं से राय ली गई। वहीं, वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि 2026 के निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियों पर चर्चा के लिए वरिष्ठ पार्टी नेताओं की एक और बैठक मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ‘वॉर रूम’ में होगी।
भाषा बाकोलिया अमित
अमित