जयपुर, 28 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं सड़क तंत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण इलाकों में भी सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री शर्मा के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्र की खराब हुई सड़कों के मरम्मत कार्य शनिवार से शुरू कर दिए गए हैं।
बयान के अनुसार, आमजन को राहत प्रदान करते हुए बाड़मेर, जालोर, डीग, जैसलमेर, अलवर, डूंगरपुर, कोटपूतली, हनुमानगढ़, जोधपुर, भीलवाड़ा, उदयपुर जिलों में सिंचाई लाइन व पेयजल लाइन के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की गई है। इसकी प्रभावी निगरानी हेतु जिला कलेक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, उपखण्ड अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं संबंधित तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
बयान में कहा गया है कि शर्मा के निर्देश पर शहरी क्षेत्रों में भी ‘यूटिलिटी लाइन’ के कार्य से प्रभावित सड़कों की भी मरम्मत की गयी हैं। अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है।
भाषा पृथ्वी गोला
गोला