राजस्थानः सरकार ने कोटा में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले की जांच के दिए आदेश

Ads

राजस्थानः सरकार ने कोटा में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले की जांच के दिए आदेश

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 09:15 PM IST

जयपुर, छह मई (भाषा) राजस्थान सरकार ने कोटा स्थित न्यू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रसव के बाद कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ने के मामले की बुधवार को जांच के आदेश दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित महिलाओं का इलाज सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक (एसएसबी) अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में जारी है।

राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने घटना की जानकारी ली और जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से चार विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को कोटा भेजने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि एक महिला की मौत हो गई जबकि पांच अन्य महिलाओं की हालत सीजेरियन डिलीवरी के बाद जटिलताओं के कारण बिगड़ गई।

चिकित्सा शिक्षा की प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ ने कहा कि मरीजों की लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सीय सहायता दी जा रही है।

जयपुर से भेजी गई टीम में एनेस्थीसिया, मेडिसिन, प्रसूति एवं स्त्री रोग और नेफ्रोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ शामिल हैं, जो मरीजों की स्थिति का आकलन करेंगे और दिए जा रहे उपचार की समीक्षा करेंगे।

राज्य सरकार ने इस घटना की समयबद्ध जांच के आदेश दिए हैं और कहा कि अगर कोई लापरवाही पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र