जयपुर, 10 फरवरी (भाषा) राजस्थान के नागौर जिले में मेड़ता में कुछ लोगों ने जौहरी की एक दुकान पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक जौहरी की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार आधी रात को हुई। जब हमलावरों ने जेवरात की एक दुकान के मालिक पंकज सोनी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौत हो गई। दुकान में काम कर रहे दो कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक रामकरण ने कहा कि हमले की यह घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई जिससे दो संदिग्धों की पहचान हो गई है। दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले माने जा रहे हैं। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। एक आरोपी की तस्वीर जारी भी की गई है।
वहीं, पीड़ित के परिवार और स्वर्णकार समुदाय के सदस्यों ने आज आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को आर्थिक सहायता की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने घटना पर दुख जताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत