जयपुर, पांच मार्च (भाषा) पुलिस के गैंगस्टर-रोधी कार्यबल की टीम ने लूट एवं मारपीट के मामले में फरार एक इनामी आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी अमन सिंह जाट (27) पिलानी के दुदी गांव का रहने वाला है और वह जयपुर के मानसरोवर इलाके में छुपकर रह रहा था।
अधिकारी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी पर झुंझुनू जिला पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ है।
गैंगस्टर-रोधी कार्यबल के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम एन ने बताया कि टीम को पता चला था कि झुंझुनू के थाना पिलानी में वर्ष 2023 के मारपीट व लूट के प्रकरण का 25 हजार रुपए का इनामी अमन जयपुर के शिप्रापथ थाना इलाके में छिपा हुआ है। इस पर टीम ने आरोपी अमन को पकड़ कर थाना पिलानी पुलिस की टीम को सुपुर्द किया।
आरोपी के विरुद्ध जयपुर, झुंझुनू, चूरू एवं हरियाणा के विभिन्न थानों में मारपीट, जमीनी विवाद, लूट, डकैती, शस्त्र अधिनियम आदि के करीब एक दर्जन प्रकरण दर्ज हैं।
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक