राजस्थान : अधिकतम तापमान में वृद्धि, शुक्रवार को हल्की बारिश होने का अनुमान
राजस्थान : अधिकतम तापमान में वृद्धि, शुक्रवार को हल्की बारिश होने का अनुमान
जयपुर, 16 अप्रैल (भाषा) राजस्थान में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान है।
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, बाड़मेर बृहस्पतिवार को राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
केंद्र ने बताया कि जैसलमेर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री, चूरू में 42.4 डिग्री और फलोदी, बीकानेर तथा श्री गंगानगर में 42-42 डिग्री सेल्सियस रहा।
उसने बताया कि राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, हालांकि 17 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर एवं बीकानेर संभाग के अलावा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आंधी व हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है।
विभाग ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
भाषा
पृथ्वी पारुल
पारुल

Facebook


