राजस्थान : अलवर में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
राजस्थान : अलवर में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
जयपुर, चार जून (भाषा) राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की अलवर चौकी टीम ने बृहस्पतिवार को खैरथल-तिजारा जिले की सांथलका तहसील में कार्यरत एक पटवारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एसीबी के अनुसार गिरफ्तार पटवारी की पहचान आशा देवी के रूप में हुई है।
एसीबी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता के निधन के बाद स्वयं और अन्य परिजनों के नाम इंतकाल दर्ज कराने तथा राजस्व रिकॉर्ड में उसके पिता का नाम सही करवाने के एवज में पटवारी 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थी और उसे परेशान कर रही थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान एसीबी की टीम ने पाया कि आरोपी पटवारी परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत ले चुकी थी तथा पांच हजार रुपये और मांग रही थी।
इसके बाद एसीबी टीम ने बृहस्पतिवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की और पटवारी आशा देवी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
भाषा
बाकोलिया मनीषा रवि कांत

Facebook


