जयपुर, पांच अगस्त (भाषा) राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक पुलिस निरीक्षक अपनी सर्विस (सरकारी) रिवॉल्वर से कथित तौर पर गलती से चली गोली से गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भीलवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य ने बताया कि भीलवाड़ा सदर के थानाधिकारी लोकपाल सिंह (38) मंगलवार शाम गश्त ड्यूटी के लिए तैयार हो रहे थे, तभी उनकी सर्विस रिवॉल्वर से कथित तौर पर गलती से गोली चल गई, जो उनकी कनपटी पर लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आर्य के मुताबिक, घायल पुलिस अधिकारी को महात्मा गांधी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया।
आर्य के अनुसार, सिंह नेहरू विहार स्थित अपने आवास से गश्त ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे और उन्होंने उपनिरीक्षक को सरकारी गाड़ी तैयार रखने के लिए कहा था।
हालांकि, उन्होंने बताया कि वर्दी पहनते समय यह घटना हो गई।
आर्य ने बताया कि सिंह के परिजन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल ले गए।
उन्होंने कहा, “फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या का मामला है या गोली गलती से चली। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है।”
भाषा
पृथ्वी पारुल
पारुल