राजस्थान पुलिस की ‘मेगा नाकाबंदी’, एक ही दिन में 15,000 से अधिक चालान काटे

Ads

राजस्थान पुलिस की 'मेगा नाकाबंदी', एक ही दिन में 15,000 से अधिक चालान काटे

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 05:20 PM IST

जयपुर, दो जून (भाषा) राजस्थान पुलिस ने अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने और यातायात नियमों की कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को ‘मेगा नाकाबंदी’ अभियान के तहत एक ही दिन में 15,000 से अधिक चालान काटे। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान 74 हजार से अधिक वाहनों की जांच की गई।

अतिरिक्त महानिदेशक (कानून व्यवस्था) वीके सिंह ने मंगलवार को बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राज्य में यह व्यापक नाकाबंदी अभियान चलाया गया जिस दौरान राज्य के सभी पुलिस रेंज और आयुक्तालय क्षेत्रों में कुल 1103 नाकाबंदी ‘पॉइंट’ स्थापित किए गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने इस दौरान कुल 39,984 दुपहिया और 34,888 चौपहिया वाहनों की जांच की तथा विभिन्न नियमों के उल्लंघन में 226 लोगों को गिरफ्तार किया।

सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने को लेकर कुल 15,083 चालान काटे गए जिनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने को लेकर 3234, सीट बेल्ट नहीं लगाने को लेकर 1648, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने को लेकर 184 चालान थे।

उन्होंने बताया कि इस दौरान वाहनों की जांच के साथ साथ पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी।

उन्होंने कहा कि इस दौरान 11 वाहन जब्त किए गए तथा 73 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें हथियार कानून के चार, आबकारी अधिनियम के 30, एनडीपीएस एक्ट के दो तथा अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों के 37 मामले हैं।

जयपुर पुलिस रेंज में पांच वाहन और 25.50 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई।

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार