राजस्थान ने 6.2 करोड़ आभा पहचान पत्र जारी कर दूसरा स्थान प्राप्त किया: मुख्यमंत्री
राजस्थान ने 6.2 करोड़ आभा पहचान पत्र जारी कर दूसरा स्थान प्राप्त किया: मुख्यमंत्री
जयपुर, 17 अगस्त (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि राज्य 6.2 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (एबीएचए) कार्ड बनाकर देश में स्वास्थ्य सुधारों में अग्रणी राज्यों में से एक के रूप में उभरा है।
शर्मा ने कहा कि यह देश में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बजटीय आवंटन के कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शर्मा ने कहा कि सरकार का ध्यान चिकित्सा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ‘प्रत्येक गांव तक’ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर है।
उन्होंने कहा, ‘राज्य सरकार ने अपने पहले बजट का 8.26 प्रतिशत स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए आवंटित किया, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तहत स्वस्थ भारत के दृष्टिकोण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा को नई ऊंचाइयां देने के लिए राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) का उन्नयन कर एम्स, दिल्ली की तर्ज पर राजस्थान आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की स्थापना की जा रही है। इस परियोजना पर चरणबद्ध रूप से 750 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके डिजाइनिंग और प्लानिंग से जुड़े प्रगतिरत कार्यों में गति लाई जाए और इसे समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
शर्मा ने बताया कि विभाग की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से 1,699 चिकित्सा अधिकारियों सहित विभिन्न पदों पर नई भर्तियां की जा रही हैं।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह, मुख्य सचिव सुधांश पंत तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भाषा कुंज
नोमान
नोमान

Facebook


