राजस्थान: चंबल नदी में मवेशियों को नहलाते समय मगरमच्छ के हमले में चरवाहे की मौत

Ads

राजस्थान: चंबल नदी में मवेशियों को नहलाते समय मगरमच्छ के हमले में चरवाहे की मौत

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 07:52 PM IST

कोटा, 29 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के कोटा जिले में बुधवार सुबह चंबल नदी के किनारे अपने मवेशियों को नहला रहे एक चरवाहे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना खतौली थाना क्षेत्र के घाटोद गांव के पास हुई। मुरारी गुर्जर (45), उनका बेटा चंद्र प्रकाश (22) और गोलू (20) गांव के पास चंबल नदी के किनारे अपने मवेशियों को नहला रहे थे।

तभी नदी से अचानक निकले एक मगरमच्छ ने किनारे पर मौजूद मुरारी और चंद्र प्रकाश पर हमला कर दिया।

चंद्र प्रकाश तो किसी तरह बच निकलने में सफल रहा, लेकिन मगरमच्छ ने मुरारी को अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया।

शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चरवाहे की तलाश शुरू की। इस संबंध में पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी सूचित किया गया।

चंद्र प्रकाश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ओम प्रकाश ने बताया कि ग्रामीणों और अधिकारियों द्वारा लगभग चार घंटे की तलाशी के बाद मृतक चरवाहे का शव किनारे से करीब 30 मीटर दूर नदी के गहरे हिस्से में मिला।

उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

डीएसपी ने कहा कि इस संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 (अप्राकृतिक मृत्यु) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और पशुपालकों से अपील की है कि वे सुनसान इलाकों में नदी के करीब न जाएं।

भाषा सुमित नरेश

नरेश