राजस्थान: पार्वती नदी में तीन बच्चों की डूबने से मौत

Ads

राजस्थान: पार्वती नदी में तीन बच्चों की डूबने से मौत

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 09:30 PM IST

जयपुर, 26 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के धौलपुर जिले

में रविवार को पार्वती नदी में नहाने गए आठ बच्चों में से तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि पांच अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा मनियां क्षेत्र के गड़ाईच गांव में हुआ। उसने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के कारण गांव के बच्चे पूर्वाह्न करीब 11 बजे पार्वती नदी में नहाने गए थे। इस दौरान कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े।

पुलिस के अनुसार भूरा(12), सोनम (12) और निशु (14) साथियों को बचाने के लिए गहरे पानी में चले गए। नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण तीनों डूब गए और उनकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक घटना के समय पास में सौरभ भैंस चरा रहा था और उसने चीखपुकार सुन तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पांच बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए।

हादसे की जानकारी मिलने पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और एएसपी वैभव शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

भाषा बाकोलिया धीरज

धीरज