राजस्थान : जयपुर समेत कई इलाकों में आंधी-बारिश
राजस्थान : जयपुर समेत कई इलाकों में आंधी-बारिश
जयपुर, 30 मार्च (भाषा) नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में सोमवार दोपहर बाद तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र-जयपुर के अनुसार राज्य में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, जिसके असर से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर बाद तेज हवाएं चलीं। शहर के कई इलाकों से बूंदाबांदी होने की सूचना भी है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 मार्च को भी शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक और दो अप्रैल को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के आसार हैं जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
इसके अलावा तीन से पांच अप्रैल के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


