राजस्थान: पुलिस से बचने के लिए चंबल नदी में कूदे दो संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों की मौत

Ads

राजस्थान: पुलिस से बचने के लिए चंबल नदी में कूदे दो संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 10:54 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 10:54 PM IST

कोटा, चार अगस्त (भाषा) राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के पुलिस से बचने के प्रयास में चंबल नदी में कूदे दो संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद एक्सप्रेसवे किनारे झाड़ियों से नौ कट्टों में भरा 117 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान राजस्थान के बारां जिले के निवासी चैन सिंह लोधा और पंजाब के संगरूर जिले के साजीपुर कला निवासी राज सिंह के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने कहा कि दोनों के शव चंबल नदी से निकाल लिए गए हैं तथा उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने कहा कि घटना मंगलवार तड़के हुई, जब कोटा ग्रामीण पुलिस की जिला विशेष टीम (डीएसटी) राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सिमलिया टोल प्लाजा के पास नियमित वाहन जांच (नाकाबंदी) कर रही थी।

अधिकारियों के अनुसार इसी दौरान उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन ने तेज गति में वाहन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर तक कार का पीछा किया।

पुलिस का दावा है कि पीछा किए जाने के दौरान आरोपियों ने एक्सप्रेसवे के किनारे झाड़ियों में मादक पदार्थ से भरे नौ कट्टे फेंक दिए।

अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस उनके करीब पहुंच गई तो वे चंबल नदी के पुल पर कार छोड़कर गिरफ्तारी से बचने के लिए नदी में कूद गए और डूबने से दोनों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार बाद में राहत एवं बचाव दल ने दोनों के शव बाहर निकालकर सुल्तानपुर स्थित अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाए।

कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार और झाड़ियों में फेंके गए नौ कट्टे बरामद किए।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान कट्टों में कुल 117 किलोग्राम डोडाचूरा मिला है।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब