राजे ने सही कहा सक्षम और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही मिले जिम्मेदारियां: भाजपा प्रभारी

Ads

राजे ने सही कहा सक्षम और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही मिले जिम्मेदारियां: भाजपा प्रभारी

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 09:48 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 09:48 PM IST

जयपुर, सात अप्रैल (भाषा) राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने मंगलवार को कहा कि वह एक लोकप्रिय नेता हैं और वह सही कह रही हैं कि सक्षम और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए।

राजनीतिक नियुक्तियों पर सवालों के जवाब में अग्रवाल ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में अभी पर्याप्त समय शेष है और निर्णय सामूहिक रूप से उचित समय पर लिए जाएंगे।

राजे ने सोमवार को कहा था कि राजनीतिक नियुक्तियां केवल वफादार पार्टी कार्यकर्ताओं को दी जानी चाहिए, अवसरवादियों को नहीं।

भाजपा कार्यालय में पार्टी स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजे ने कहा था कि कुछ लोग पार्टी बदलते हैं लेकिन मानसिकता नहीं बदलते, इसलिए उन लोगों का सम्मान करना जरूरी है जो पार्टी की मूल विचारधारा के प्रति वफादार रहते हैं।

बैठक के बाद अग्रवाल ने कहा कि राजे आज भी लोकप्रिय नेता हैं और उन्होंने सही कहा है कि केवल योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही इसके लिये चुना जाना चाहिये ।

संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर उन्होंने कहा कि वर्तमान मंत्रिपरिषद काम कर रही है और मुख्यमंत्री द्वारा लगातार मूल्यांकन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “निर्णय केवल आवश्यकता पड़ने पर ही लिया जाएगा।”

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अग्रवाल ने कहा कि पार्टी आंतरिक मतभेदों, संघर्षों और नेतृत्व की खींचतान से जूझ रही है।

भाषा बाकोलिया रंजन

रंजन