अयोध्या (उप्र), 26 मार्च (भाषा) श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने बताया कि रामलला ने मंगलवार को अपने भक्तों के साथ होली खेली और पिचकारी भी धारण की।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ ने कहा,”रंगोत्सव के अवसर पर, भगवान श्री रामलला सरकार भक्तों के संग होली खेलते हुए। प्रभु आज एक पिचकारी भी धारण किए हुए हैं।”
‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में पुजारियों को रामलला पर फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा करते हुए देखा जा सकता है, क्योंकि उन्होंने ‘पिचकारी’ पकड़ रखी है। अपने भगवान की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में आए भक्तों पर भी फूलों की वर्षा भी की गई। सोमवार को अयोध्या में राम मंदिर में भव्य होली मनाई गई।
विभिन्न स्थानों से लोग सुबह-सुबह मंदिर पहुंचे और रामलला की प्रतिमा पर रंग और गुलाल चढ़ाया।
राम मंदिर के दरबार में, पुजारियों ने प्रतिमा पर फूलों की वर्षा की और भगवान के साथ होली खेली। भगवान को अबीर और गुलाल समर्पित करने के अलावा 56 प्रकार के व्यंजन भी समर्पित किये गये।
पुजारियों ने भक्तों के साथ होली गीत गाए और रामलला को प्रसन्न करने के लिए प्रतिमा के सामने नृत्य किया।
राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था, ”राम मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा के बाद रामलला अपनी पहली होली मना रहे हैं। उनकी आकर्षक प्रतिमा को फूलों से सजाया गया था, माथे पर गुलाल लगाया गया है। इस अवसर पर रामलला ने गुलाबी रंग का परिधान पहन रखा था।”
भाषा सं जफर
संतोष
संतोष