रांची, 28 फरवरी (भाषा) रांची के एक दीवानी अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला, हालांकि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक महीने के भीतर दूसरी बार अदालत को ऐसी धमकी मिली है। इससे पहले छह फरवरी को भी इसी तरह का एक ईमेल आया था।
अधिकारी ने बताया कि यह ईमेल शुक्रवार को अदालत की आधिकारिक आईडी पर आया था लेकिन पुलिस को इसकी सूचना शनिवार को दी गई।
कोतवाली के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय ने कहा, ‘हमें शनिवार को सूचना मिली जिसके बाद हम बम निरोधक दस्ते के साथ अदालत परिसर पहुंचे। अदालत परिसर की विस्तृत जांच की गई लेकिन तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।’
उन्होंने कहा कि पुलिस ने ईमेल को गंभीरता से लिया है तथा तकनीकी टीम एवं साइबर सेल की मदद से इसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
भाषा
प्रचेता माधव
माधव