(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 28 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार ने शनिवार को इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए “अनुचित हमलों” की निंदा करते हुए संघर्ष को तत्काल समाप्त करने की मांग की।
डार ने यह बात ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची से फोन पर बात करते हुए कही, जिन्होंने अपने देश पर हमले के बाद पाकिस्तानी नेता को फोन किया था।
विदेश कार्यालय के एक बयान के अनुसार, डार और अराघची ने ईरान और व्यापक क्षेत्र में विकसित हो रही स्थिति की समीक्षा की।
इसमें कहा गया कि डार ने “ईरान के खिलाफ अनुचित हमलों की कड़ी निंदा की और संकट के शांतिपूर्ण, वार्ता के माध्यम से समाधान के लिए कूटनीति को तत्काल फिर से शुरू करके तनाव को तुरंत रोकने का आह्वान किया”।
इसके अलावा, ईरान स्थित पाकिस्तानी दूतावास ने एक परामर्श जारी कर पाकिस्तानी नागरिकों से उनकी सुरक्षा के लिए ईरान की सभी गैर-अनिवार्य यात्राओं से बचने का आग्रह किया है।
उसने ईरान में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों से सावधानी बरतने, सतर्क रहने, गैर-जरूरी यात्रा को कम करने और पाकिस्तानी दूतावासों के साथ नियमित संपर्क में रहने का आग्रह किया।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप