शिमला, पांच अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश सरकार ने रेव पार्टी मामले सामने आने के बाद बुधवार को कुल्लू जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक (एसपी) का तबादला कर दिया।
यहां जारी एक अधिसूचना के मुताबिक उपायुक्त अनुराग चंदर शर्मा अगली जिम्मेदारी दिये जाने तक कार्मिक विभाग से संबद्ध रहेंगे, जबकि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (विकास) सुरजीत सिंह को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अधिसूचना के मुताबिक शिमला पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (कानून-व्यवस्था) और साइबर अपराध (सीआईडी)के एसपी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे एस. अभिषेक को कुल्लू की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह निवर्तमान पुलिस अधीक्षक मदन लाल का स्थान लेंगे जिन्हें पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
सरकार का यह फैसला हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा 24 जून को कुल्लू के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक का तबादला करने के आदेश के बाद आया है। दोनों अधिकारियों पर मनाली उप संभाग के कसोल इलाके की पार्वती घाटी में बड़े पैमाने पर होने वाली रेव पार्टियों को रोकने के अपने कर्तव्य निर्हवन में असफल रहने का आरोप था।
यह मामला कसोल के पास ग्रहण में ‘ग्रीन फॉरेस्ट-1’ और ‘ग्रीन फ़ॉरेस्ट-2’ में 7 से 11 जून तक आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है। अदालत के हस्तक्षेप के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मौके पर शराब की बड़ी संख्या में खाली बोतलें, सिगरेट के टुकड़े, गांजा पीने में इस्तेमाल होने वाले ‘रोलिंग पेपर’ और मादक पदार्थों के सेवन का संकेत देने वाले अन्य सबूत मिले।
मामले में दो पर्यटकों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से कोकीन और ‘एलएसडी’ बरामद की गई जबकि कार्यक्रम में संगीत संयोजन कर रहे रूसी नागरिक कारिया कुज़मिनिख की मौत हो गई थी।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश