लाल किला विस्फोट : अदालत ने दो आरोपियों को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
लाल किला विस्फोट : अदालत ने दो आरोपियों को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने लाल किला विस्फोट की साजिश के दो आरोपियों को सोमवार को 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विशेष न्यायाधीश पीतांबर दत्त ने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की हिरासत में पांच दिन पूरे होने के बाद जमीर अहमद अहंगर और तुफैल अहमद भट को जेल भेज दिया।
जम्मू-कश्मीर के रहने वाले अहंगर और भट को दिल्ली विस्फोट से संबंधित साजिश में शामिल होने के आरोप में एनआईए द्वारा फरवरी में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया था।
दोनों को 25 फरवरी को 10 दिनों के लिए एनआईए की हिरासत में भेजा गया था, जिसके बाद छह मार्च को उनकी हिरासत में पूछताछ को पांच दिनों के लिए बढ़ा दिया गया।
चार दिन बाद, एनआईए ने अन्य साक्ष्यों के साथ उनके रक्त के नमूने मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष पेश किए। इसके बाद 11 मार्च को, उनकी हिरासत में पूछताछ को फिर से पांच दिनों के लिए बढ़ा दिया गया।
अब तक, एनआईए ने इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि 10 नवंबर, 2025 को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धीमी गति से चल रही एक कार में भीषण विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई थी।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश

Facebook


