नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पिछले वर्ष लाल किला क्षेत्र में कार बम विस्फोट मामले में मारे गए 11 लोगों से संबंधित फॉरेंसिक रिपोर्ट सोमवार को अदालत में दाखिल की। अदालत से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, यह रिपोर्ट विशेष न्यायाधीश पीतांबर दत्त की अदालत में पेश की गई। अब अदालत रिपोर्ट की जांच करेगी और उसके बाद इस संबंध में आगे के आदेश जारी करेगी।
इस बीच, अदालत ने मामले के नौ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 जुलाई तक बढ़ा दी है।
इससे पहले 14 मई को एनआईए ने पिछले वर्ष 10 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी को दहला देने वाले वाहन में लगे उच्च तीव्रता वाले आईईडी (संवर्धित विस्फोटक उपकरण) विस्फोट मामले में 7,500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था।
पिछले महीने एनआईए ने इस मामले में तीन और लोगों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था। इनमें एक फरार बाल रोग विशेषज्ञ भी शामिल है, जिसकी पहचान एक आतंकी मॉड्यूल के संस्थापक सदस्य के रूप में की गई है। इन लोगों पर वाहन में विस्फोटक रखकर किए गए बम धमाके में शामिल होने का आरोप है।
इसके साथ ही इस मामले में कुल 13 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए हैं। इनमें मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी भी शामिल है, जो विस्फोटकों से लदी कार चला रहा था और धमाके में उसकी भी मौत हो गई थी।
भाषा गोला प्रशांत
प्रशांत