भूस्खलन में लापता हुए लोगों की तलाश के लिए बचाव दल को हवाई मार्ग से सुदूर इलाकों में पहुंचाया गया
भूस्खलन में लापता हुए लोगों की तलाश के लिए बचाव दल को हवाई मार्ग से सुदूर इलाकों में पहुंचाया गया
वायनाड (केरल), छह अगस्त (भाषा) वायनाड के भूस्खलन प्रभावित बस्तियों के लापता लोगों की तलाश के लिए बचावकर्ताओं को मंगलवार को हवाई मार्ग से सनराइज वैली के वन क्षेत्रों में पहुंचाया गया। वायनाड में भूस्खलन की घटना पिछले सप्ताह हुई थी।
यह जोखिम भरा इलाका चलियार नदी के किनारे स्थित है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि बचाव दल में सेना के छह जवान, केरल पुलिस के विशेष कार्रवाई समूह के चार कर्मी और दो वन रक्षक शामिल हैं, जिन्हें हेलीकॉप्टर से सुदूर इलाके में ले जाया गया।
बयान में गया कि उन्हें सुबह कलपेट्टा के एक स्थानीय स्कूल के मैदान से दो समूहों में हवाई मार्ग से निकाला गया और वे रस्सियों एवं टोकरियों का उपयोग करके उस क्षेत्र में उतरने में सफल रहे।
चूंकि एक निर्दिष्ट क्षेत्र में खोज पूरी हो गई थी, टीम को हवाई मार्ग से अगले स्थान पर ले जाया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया कि इस अभियान के लिए एक उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया जो जोखिम भरे इलाकों से लोगों को हवाई मार्ग से निकालने और उतारने में सक्षम है।
भाषा योगेश अमित
अमित

Facebook


