कोझिकोड (केरल), 22 फरवरी (भाषा) केरल के कोझिकोड में तीन बदमाशों ने एक रेस्तरां में भोजन करने के बाद बिल का भुगतान करने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर वहां तोड़फोड़ की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
यह घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे कोझिकोड में एमआईएमएस (मालाबार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) अस्पताल के सामने स्थित फास्ट फूड रेस्तरां ‘अलियान्स होटल’ में हुई।
पुलिस के अनुसार, तीन बदमाश होटल पहुंचे और उन्होंने लगभग 600 रुपये का खाना खाया।
एक अधिकारी ने बताया कि जब होटल के कर्मचारियों ने उन्हें भोजन का बिल दिया तो आरोपियों ने कथित तौर पर भुगतान करने से इनकार कर दिया और दावा किया कि इलाके का कोई भी रेस्तरां उनसे पैसा नहीं लेता है।
पुलिस ने बताया कि कहासुनी के बाद, आरोपियों ने कथित तौर पर लोहे की छड़ से रेस्तरां में तोड़फोड़ की जिससे डिस्प्ले बोर्ड और कांच की अलमारी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें खाद्य पदार्थ रखे गए थे।
शाहनाद नाम के एक रेस्तरां कर्मचारी को हमले में चोटें आईं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल में शुरू हुए इस होटल को लगभग 1.2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस के घटनास्थल पहुंचने से पहले रेस्तरां के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने आरोपियों में से एक को पकड़ लिया था जबकि दो वहां से भागने में सफल रहे।
मेडिकल कॉलेज पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति को जल्द ही औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।
भाषा सुरभि शफीक
शफीक