अहमदाबाद, 28 मई (भाषा) शहर के नेहरूनगर इलाके में जमीन को लेकर हुए विवाद के बाद एक सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक को उसके बेटे और बेटी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से पांच गोलियां चलाईं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एन-डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त एस. एम. पटेल ने बताया कि बुधवार शाम को हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त उपाधीक्षक अशोकसिंह चौहान ने आपसी सहमति से शिकायतकर्ता हितेश भारविदिया को एक भूखंड पट्टे पर दिया था। उन्होंने बताया कि हितेश ने उस स्थान पर अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) से अनुमति लिए बिना किराए पर देने के इरादे से स्टॉल बनाये थे।
अधिकारी ने बताया कि एएमसी ने स्टॉल हटाने का आदेश दिया, जिसके बाद भारविदिया ने चौहान से जमीन से संबंधित स्वामित्व दस्तावेज मांगे, लेकिन चौहान इन्हें उपलब्ध नहीं करवा सके।
अधिकारी ने बताया, ‘दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण एएमसी की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके चलते भारविदिया ने चौहान को किराया देना बंद कर दिया। कल दोनों व्यक्ति उसी स्थान पर मिले और तीखी बहस के बाद चौहान ने गोली चला दी। उन्होंने अपने दो पुत्रों (जिनमें से एक नाबालिग है) और बेटी की मौजूदगी में पांच गोलियां चलाईं।’
उन्होंने बताया कि सैटेलाइट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसीपी ने बताया, ‘घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल जब्त कर ली गई है। चौहान, उनकी बेटी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनका दूसरा बेटा नाबालिग है।’
उन्होंने कहा कि इस भूखंड का स्वामित्व किसके पास है, यह अभी तय नहीं हो पाया है।
भाषा
शुभम माधव
माधव