रेवंत रेड्डी ने विजयन से पूछा: क्या केरल में अत्यधिक गरीबी के उन्मूलन का लक्ष्य हासिल हुआ

Ads

रेवंत रेड्डी ने विजयन से पूछा: क्या केरल में अत्यधिक गरीबी के उन्मूलन का लक्ष्य हासिल हुआ

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 10:05 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 10:05 PM IST

हैदराबाद, सात अप्रैल (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केरल के अपने समकक्ष पिनराई विजयन को मंगलवार को पत्र लिखकर पूछा कि क्या वह अपने इस दावे को पूरा करने में सफल रहे हैं कि केरल 2025 के अंत तक अत्यधिक गरीबी को पूरी तरह से खत्म करने वाला भारत का पहला राज्य बन जाएगा।

रेड्डी ने कहा कि उन्होंने केरल सरकार के प्रदर्शन की आलोचना करते समय बेहद सम्मानजनक और शालीन रुख अपनाया, जबकि विजयन ने उनकी सरकार के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल का फैसला किया।

केरल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान रेड्डी और विजयन के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिली है।

विजयन को लिखे पत्र में रेड्डी ने कहा कि केरल की नयी सरकार “नव केरलम” की परिकल्पना को लागू करेगी और राज्य की जनता जल्द ही इस पर फैसला करेगी।

उन्होंने विजयन से सवाल किया, “आपने ट्वीट किया था कि 2025 के अंत तक केरल अत्यधिक गरीबी को पूरी तरह से खत्म करने वाला पहला राज्य बन जाएगा। हम अप्रैल 2026 में हैं। अपने पत्र में आपने 64,006 परिवारों के अब भी सूक्ष्म योजनाओं का लाभ उठाने की बात कही है। मैं सीधे तौर पर पूछता हूं : क्या अत्यधिक गरीबी का उन्मूलन हो गया है? क्या एक नवंबर 2025 की घोषणा का स्वतंत्र रूप से सत्यापन किया गया है?”

रेड्डी ने कहा कि विजयन लगातार नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक 2023-24 का हवाला देते हुए तेलंगाना की वर्तमान सरकार के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि, उस सूचकांक में बीआरएस-भाजपा के एक दशक के कुशासन के अंतिम चरण को ही शामिल किया गया है, जो दिसंबर 2023 में समाप्त हुआ था।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश