वैष्णो देवी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
वैष्णो देवी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
जम्मू, सात अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में प्राधिकारियों ने माता वैष्णो देवी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने सुचारु तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का गहन विश्लेषण किया गया, ताकि एक मजबूत बहुस्तरीय सुरक्षा तंत्र सुनिश्चित किया जा सके।
उसने बताया कि उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के रूप में कार्यभार संभालने के बाद शिव कुमार शर्मा ने कटरा का दौरा किया और विशेष रूप से वैष्णो देवी मंदिर भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस के मुताबिक, मंदिर मार्ग पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविरों, संयुक्त जांच चौकियों और सुरक्षा चौकियों का निरीक्षण भी किया गया।
उसने बताया कि सुरक्षा और रणनीतिक लिहाज से अहम बिंदुओं पर तैनाती का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


