भारी बारिश से हिमाचल की नदियां-नाले उफान पर, नाहन में कई सड़कें बंद

Ads

भारी बारिश से हिमाचल की नदियां-नाले उफान पर, नाहन में कई सड़कें बंद

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 04:01 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 04:01 PM IST

नाहन (हिमाचल प्रदेश), 10 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के नाहन में पिछले 36 घंटों से जारी मूसलाधार मानसूनी बारिश ने जिले के कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई है। काला अंब औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि नाहन जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

उन्होंने बताया कि सिरमौर जिले की प्रमुख नदियां- टोंस, यमुना, बाता, गिरि और मारकंडा तथा दर्जनों नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों को इनसे दूर रहने की सलाह दी है।

बारिश का असर जिले के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार जिले में कुल 34 सड़कें बंद हैं। इनमें शिलाई उपमंडल की 21, संगड़ाह की आठ, नाहन की चार और राजगढ़ की एक सड़क शामिल है।

इससे पहले दिन में सिरमौर जिले के पांवटा उपमंडल के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) द्विज गोयल ने मौसम विभाग की भारी बारिश और गरज चमक की चेतावनी के मद्देनजर पांवटा उपमंडल के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया था।

यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया गया।

हालांकि, अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि शिक्षण संस्थानों के प्रमुख और कर्मचा री प्रशासनिक तथा आपातकालीन कार्यों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

भाषा अमित रंजन

रंजन