इंजन खराब होने से रो-रो फेरी समुद्र की ओर बहने लगी, कोच्चि में 50 यात्रियों को बचाया गया

Ads

इंजन खराब होने से रो-रो फेरी समुद्र की ओर बहने लगी, कोच्चि में 50 यात्रियों को बचाया गया

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 10:22 PM IST

कोच्चि, चार अगस्त (भाषा) कोच्चि में मंगलवार शाम एक रो-रो फेरी इंजन में खराबी आने के बाद नौवहन मार्ग के रास्ते समुद्र की ओर बहने लगी, जिसके बाद करीब 50 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शाम करीब छह बजे हुई, जब केरल शिपिंग एंड इनलैंड नेविगेशन कॉरपोरेशन (केएसआईएनसी) के स्वामित्व वाली रो-रो फेरी फोर्ट कोच्चि से वायपिन के बीच अपनी नियमित सेवा पर थी।

मत्स्य विभाग के अनुसार, बीच रास्ते में फेरी का इंजन खराब हो गया, जिससे वह नौवहन मार्ग के रास्ते समुद्र की ओर बहने लगी।

वायपिन में मत्स्य विभाग के समुद्री प्रवर्तन दल की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को बचाया, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

मत्स्य विभाग की गश्ती नौका ने बहती हुई फेरी का पीछा किया और उसे रस्सियों से खींचकर सुरक्षित तट की ओर ले आई।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय फेरी में नौ कार, एक ट्रैवलर वैन, करीब 50 मोटरसाइकिल और लगभग 50 यात्री सवार थे।

भाषा

राखी पारुल

पारुल