रांची। सत्ता का नशा जब सवार होता है तो नेता खुद को खुदा समझ बैठता है और यही दिखा झारखंड के लातेहार में, जहां एक स्थानीय बीजेपी नेता ने एक ट्रांसपोर्ट अफसर को गालियां दीं, थप्पड़ों से मारा। ये सबकुछ क्यों हुआ, कैसे हुआ, ये भी बताएंगे, लेकिन उससे पहले देखिए ये वीडियो, जिसे देखने के बाद आप इस सोच में पड़ जाएंगे कि बीच सड़क इस तरह की हरकत कर रहा व्यक्ति सत्तारुढ़ दल का नेता है या फिर कोई सड़कछाप मवाली?
#WATCH Latehar: BJP leader Rajdhani Yadav slaps and argues with District transport officer over removal of a nameplate from his personal car. Yadav was later arrested. #Jharkhand pic.twitter.com/TPOBmqwUWv
— ANI (@ANI) January 17, 2018
अब ये मत सोचिएगा कि ये कोई मामूली नेता हैं, परिचय देख लीजिए, जनाब लातेहार जिला के 20सूत्री उपाध्यक्ष हैं, नाम है राजधानी यादव। इलाके में रसूख है, रुतबा तो आपने देख ही लिया कि सरकारी अफसर को भी लप्पड़-थप्पड़ करते और बीच सड़क गालियां देने में उन्हें कानून, नियम, कायदे का कोई खौफ नहीं होता। ज़िला ट्रांसपोर्ट अधिकारी एफ बारला को उन्होंने इतनी जोर से धक्का दिया कि वो चोटिल हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें- इसरो के कार्टोसैट-2 ने भेजी पहली तस्वीर, कहीं ये आपके शहर की तो नहीं !
अब ज़रा ये भी जान लीजिए कि राजधानी यादव को ये गुस्सा आखिर आया क्यों? सरकार के नियम के मुताबिक कोई भी व्यक्ति सिर्फ सरकारी वाहन में ही अपने नाम या पद का इस्तेमाल कर सकता है। राजधानी यादव ने अपने निजी वाहन में नेम प्लेट लगा रखा था। ट्रांसपोर्ट अफसर ने उनसे आग्रह किया कि ये नेमप्लेट हटा लें, ये बात नेताजी को अखर गई और फिर क्या हुआ, ये तो आपने देखा ही।
ये भी देखें- राहुल को राम और मोदी को रावण बताने वाले पोस्टरों पर भाजपा-कांग्रेस में हाथापाई
वैसे आपको ये भी बता दें कि नेताजी को ये दबंगई भारी पड़ गई। इस घटना के बाद अधिकारियों ने पुलिस थाने में जाकर राजधानी यादव के खिलाफ ड्यूटी पर तैनात अफसर से मारपीट करने, सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज करा दिया। अफसरों ने लगे हाथों पुलिस को चेतावनी भी दे दी कि अगर फौरन आरोपी नेता की गिरफ्तारी नहीं की गई तो पूरा विभाग कलमबंद हड़ताल पर चला जाएगा। पुलिस ने इसके बाद तीन घंटे के भीतर राजधानी यादव को गिरफ्तार कर लिया।
वेब डेस्क, IBC24