निर्भया कोष के तहत अब तक 7,990.85 करोड़ रुपये आवंटित, 84 प्रतिशत राशि का हुआ उपयोग
निर्भया कोष के तहत अब तक 7,990.85 करोड़ रुपये आवंटित, 84 प्रतिशत राशि का हुआ उपयोग
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) सरकार ने बुधवार को बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 तक निर्भया कोष के तहत कुल 7,990.85 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं जिसमें से 84 फीसदी राशि का उपयोग हो चुका है।
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निर्भया कोष से अब तक कुल 6,703.02 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं और उनका उपयोग किया जा चुका है। यह कुल आवंटित राशि का करीब 84 प्रतिशत है।
निर्भया कोष के तहत संबंधित वर्ष में पड़ने वाली जरूरतों और कोष में पहले से उपलब्ध राशि को ध्यान में रखते हुए संबंधित मंत्रालयों और विभागों के वार्षिक बजट में मानक आधार पर धनराशि आवंटित की जाती है।
इस कोष की स्थापना महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं तथा परियोजनाओं के वित्त पोषण के लिए की गई थी।
भाषा मनीषा अविनाश
अविनाश

Facebook


