रास चुनाव में पैसे के बदले पार्टी के खिलाफ मतदान की पेशकश ठुकराने वाले विधायक को सलाम : बीजद

Ads

रास चुनाव में पैसे के बदले पार्टी के खिलाफ मतदान की पेशकश ठुकराने वाले विधायक को सलाम : बीजद

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 10:23 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 10:23 PM IST

भुवनेश्वर, 17 मार्च (भाषा) ओडिशा की मुख्य विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने मंगलवार को रेंगाली से पार्टी विधायक सुदर्शन हरिपाल की राज्यसभा चुनाव में पैसे के बदले ‘क्रॉस वोटिंग’ करने की पेशकश को ठुकराने और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के प्रति वफादार रहने के लिए सलाम किया।

बीजद नेताओं प्रमिला मल्लिक, विधायक ब्योमकेश राय और ध्रुबा चरण साहू ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संबलपुर जिले के रेंगाली से पहली बार विधायक चुने गए 44 वर्षीय विधायक की प्रशंसा की।

साहू ने कहा, ‘‘हम बीजद के रेंगाली से विधायक की ईमानदारी और निष्ठा को सलाम करते हैं, जिन्होंने पार्टी के खिलाफ वोट देने के लिए 15 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को ठुकरा दिया और इसके बजाय पार्टी के प्रति वफादार बने रहे।’’

उन्होंने कहा कि विधायक अमीर नहीं है, लेकिन इसने यह साबित कर दिया है कि वह दिग्गज बिजू पटनायक की विचारधारा में विश्वास रखते हैं, जिनके नाम पर क्षेत्रीय दल का नाम बीजद रखा गया है।

बीजद नेताओं ने इसी के साथ ‘क्रॉस वोटिंग’ करने वाले पार्टी के आठ विधायकों की कड़ी निंदा की।

भाषा धीरज रंजन

रंजन