एससीबीए ने वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की, शिक्षा सुधारों के लिए समर्थन का प्रस्ताव दिया

Ads

एससीबीए ने वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की, शिक्षा सुधारों के लिए समर्थन का प्रस्ताव दिया

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 08:43 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 08:43 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने बृहस्पतिवार को कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि देश को जरूरत है कि वह ‘‘जीवित, सक्रिय और चीजों से जुड़े रहें’’, न कि किसी संकटग्रस्त व्यवस्था के लिए अपना स्वास्थ्य तथा जान जोखिम में डालें।

बाद में, एससीबीए के अध्यक्ष विकास सिंह भी वांगचुक से मिलने जंतर-मंतर पहुंचे और एक पत्र सौंपा, जिसमें उनसे अनशन खत्म करने का आग्रह किया गया।

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए 25 दिन से ज़्यादा समय से प्रदर्शन कर रही है।

वांगचुक 28 जून को आंदोलन में शामिल हुए थे और तब से अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं।

एससीबीए की कार्यकारी समिति ने एक प्रस्ताव पारित कर वांगचुक के अनशन पर चिंता जताई।

समिति ने कहा कि वांगचुक ने देश के बच्चों के भविष्य के लिए अपने स्वास्थ्य और जीवन को खतरे में डाला है, तथा एक बार फिर छात्रों और शिक्षण संस्थानों से जुड़े मुद्दों की ओर देश का ध्यान खींचा है।

प्रस्ताव में कहा गया कि वांगचुक के अनशन ने ‘‘राष्ट्रीय चेतना’’ को जगाने का काम किया है और सार्वजनिक जीवन में नैतिक साहस के महत्व को रेखांकित किया है। इसमें यह भी कहा गया कि देश के नैतिक ताने-बाने को मजबूत करना और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश