श्रीनगर, तीन सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक स्कूल समेत प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-ए-इस्लामी से जुड़ी कई संपत्तियां कुर्क कीं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने उत्तरी कश्मीर जिले के सोपोर क्षेत्र में दो इमारतों, छह दुकानों और दो कनाल जमीन को कुर्क किया।
उन्होंने बताया कि सोपोर थाने में यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एक मामले की जांच के दौरान इन संपत्तियों का पता चला था।
प्रवक्ता ने कहा कि निरंतर जांच, सरकारी और राजस्व रिकॉर्ड की पड़ताल एवं संबंधित प्रशासनों से पुष्टि हुई कि इन परिसरों का संबंध जमात-ए-इस्लामी से है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से सौंपी गई विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर, कश्मीर के संभागीय आयुक्त ने 12 अगस्त के एक आदेश में यूएपीए के तहत डुरू के इस्लामिया मॉडल स्कूल (जो 2022 से बंद है) की संपत्ति को अधिसूचित किया जहां दो दो-मंजिला इमारतें, छह दुकानें और दो कनाल जमीन हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस के अनुरोध पर, बारामूला के जिलाधिकारी ने यूएपीए के तहत जरूरी आदेश जारी किए।
उन्होंने बताया कि आदेशों का अनुपालन करते हुए पुलिस ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट के साथ मिलकर अधिसूचित संपत्तियों को कुर्क किया।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई प्रतिबंधित संगठनों और उनसे जुड़े नेटवर्क की संपत्तियों एवं परिसंपत्तियों की पहचान करने एवं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए की गई लगातार जांच का नतीजा है।
भाषा राजकुमार वैभव
वैभव