गर्मी की छुट्टियों के बाद तमिलनाडु में स्कूल खुले, पहली कक्षा से तीसरी कक्षा तक नया पाठ्यक्रम लागू

गर्मी की छुट्टियों के बाद तमिलनाडु में स्कूल खुले, पहली कक्षा से तीसरी कक्षा तक नया पाठ्यक्रम लागू

गर्मी की छुट्टियों के बाद तमिलनाडु में स्कूल खुले, पहली कक्षा से तीसरी कक्षा तक नया पाठ्यक्रम लागू
Modified Date: June 4, 2026 / 01:11 pm IST
Published Date: June 4, 2026 1:11 pm IST

चेन्नई, चार जून (भाषा) तमिलनाडु में गर्मी की छुट्टियों के बाद बृहस्पतिवार को स्कूल फिर से खुल गए। नए शैक्षणिक सत्र से पहली कक्षा से तीसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए नया पाठ्यक्रम लागू किया गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूलों के पुनः खुलने से पहले स्वच्छता, पेयजल सुविधा, परिवहन व्यवस्था और परिसर की समग्र तैयारियों की समीक्षा की थी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्य शैक्षिक अधिकारियों (सीईओ) और जिला शैक्षिक अधिकारियों (डीईओ) को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि स्कूल खुलने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं और विद्यार्थियों के कल्याण, सुरक्षा तथा सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की जाएं।

राज्य सरकार ने कहा है कि वह इस वर्ष भी स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए मुफ्त बस पास योजना जारी रखेगी।

सरकार के अनुसार, निःशुल्क बस पास जारी करने में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर आने-जाने पर बिना किराया दिए सरकारी बसों में यात्रा करने की अनुमति दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में वर्तमान में 45,000 से अधिक स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिनमें सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित संस्थान शामिल हैं। इन स्कूलों में 1.3 करोड़ से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ स्कूलों में विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और कई स्थानों पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

भाषा मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में