तिरुवनंतपुरम, 16 सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि कोच्चि स्थित मलयालम समाचार चैनल ‘रिपोर्टर टीवी’ के कार्यालय में पुलिस की तलाशी कानूनी जांच का हिस्सा है और सरकार इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी।
साप्ताहिक कैबिनेट बैठक के बाद यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सतीशन ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि पुलिस की कार्रवाई से चैनल का समाचार प्रसारण बाधित हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस घटनाक्रम की जानकारी उसी चैनल पर दिखाए जा रहे सीधे प्रसारण से मिली।
पुलिस की कार्रवाई की पृष्ठभूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी और उनकी अर्जेंटीना टीम की केरलम की प्रस्तावित यात्रा विफल होने से जुड़े विवाद तथा जीएसटी धोखाधड़ी के आरोपों की जांच चल रही है।
‘रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी’ (आरबीसी) इस प्रस्तावित कार्यक्रम की निजी वाणिज्यिक प्रायोजक थी और तत्कालीन राज्य सरकार ने उसे अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) के साथ समझौता करने के लिए अधिकृत किया था।
उन्होंने बताया कि आरबीसी के प्रायोजक के रूप में चयन, उसके वित्तीय लेन-देन और प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़े इंतजामों की जांच की जा रही है। इस मामले में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप भी लगाए गए हैं।
सतीशन ने कहा कि कानून-व्यवस्था के प्रभारी एडीजीपी के नेतृत्व वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने प्राथमिकी दर्ज की है और अदालत के वारंट के आधार पर कानूनी तरीके से तलाशी ली गई।
उन्होंने बताया कि मेस्सी और अर्जेंटीना की टीम की प्रस्तावित केरलम यात्रा को लेकर खेल विभाग ने सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी थी। इसके बाद गृह विभाग ने रिपोर्ट की जांच की और एसआईटी का गठन किया।
सतीशन ने कहा कि जीएसटी विभाग ने भी मामले की जांच की थी और उसकी प्रारंभिक जांच में जीएसटी धोखाधड़ी सामने आई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह छापेमारी कानूनी तरीके से की जा रही पुलिस जांच का हिस्सा है। सरकार इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी। सरकार किसी भी तरह से हस्तक्षेप नहीं करना चाहती।’’
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह छापेमारी सरकार के किसी नीतिगत फैसले का हिस्सा नहीं है, बल्कि स्वतंत्र जांच के तहत पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई है।
उन्होंने कहा कि सभी तलाशी कानूनी तरीके से और वारंट के आधार पर की गई हैं।
जब पत्रकारों ने चैनल प्रबंधन के इस आरोप के बारे में पूछा कि जांचकर्ताओं ने न्यूज़ रूम में प्रवेश करने के बाद पत्रकारों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए, तो सतीशन ने केवल इतना कहा कि पूरी कार्रवाई जांच का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेता पिनराई विजयन द्वारा चैनल के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की निंदा किए जाने पर उनकी आलोचना की। उन्होंने विजयन के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों में हुई इसी तरह की कार्रवाइयों और वरिष्ठ पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मामलों का उल्लेख किया।
सतीशन का यह बयान बुधवार को कोच्चि स्थित ‘रिपोर्टर टीवी’ के मुख्यालय में पुलिस की तलाशी के कुछ घंटे बाद आया। चैनल ने आरोप लगाया था कि इस कार्रवाई से उसके समाचार संचालन में बाधा पहुंची और पुलिसकर्मी पत्रकारों तथा अन्य कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने साथ ले गए।
हालांकि, तलाशी का नेतृत्व कर रहे त्रिक्काकरा के सहायक पुलिस आयुक्त ने कहा कि चैनल के कर्मचारियों ने तलाशी में सहयोग नहीं किया।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा