‘राष्ट्रीय युवा लेखक प्रतियोगिता’ का दूसरा संस्करण शुरू

Ads

‘राष्ट्रीय युवा लेखक प्रतियोगिता’ का दूसरा संस्करण शुरू

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 05:28 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 05:28 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) प्रकाशन संस्थान ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ (पीआरएचआई) ने सोमवार को ‘राष्ट्रीय युवा लेखक प्रतियोगिता’ (एनवाईसी) के दूसरे संस्करण की शुरुआत की घोषणा की। यह कक्षा पांचवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए लघु कहानी लेखन की एक वैश्विक प्रतियोगिता है।

प्रकाशन संस्थान ‘पीआरएचआई’ द्वारा शिक्षा से जुड़ी कंपनी ‘बिग रेड एजुकेशन’ के साथ मिलकर आयोजित की जाने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य भारत की नयी पीढ़ी के युवा कहानीकारों की खोज करना, उन्हें तराशना और उनके हुनर को मंच प्रदान करना है।

प्रतियोगिता का यह नया संस्करण दो श्रेणियों में विभाजित है – कक्षा पांचवीं से आठवीं और कक्षा नौवीं से बारहवीं, और दोनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग विषय रखे गए हैं। पीआरएचआई सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को एक संकलन के रूप में प्रकाशित करेगी।

आयोजकों ने एक बयान में कहा, ‘प्रत्येक श्रेणी की सर्वश्रेष्ठ 50 कहानियों को प्रकाशित किया जाएगा, जिससे 100 युवा लेखकों की रचनाएं एक किताब का रूप लेंगी। इसके अलावा, प्रत्येक श्रेणी की अगली 100 कहानियों को पेंगुइन इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे युवा लेखकों को पहचान हासिल करने का अवसर मिलेगा।’

प्रतियोगिता के अलावा, प्रत्येक प्रतिभागी को पेंगुइन के लेखकों और संपादकों द्वारा संचालित आठ घंटे की एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

पीआरएचआई के अनुसार, यह कार्यशाला छात्रों को कहानी कला, संपादन, पांडुलिपि को तैयार करने और प्रकाशन की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराएगा, जिससे उन्हें साहित्यिक दुनिया के विशेषज्ञों से सीधे सीखने का मौका मिलेगा।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप