25 सितंबर : दो बड़ी राजनीतिक हस्तियों का जन्मदिन

Ads

25 सितंबर : दो बड़ी राजनीतिक हस्तियों का जन्मदिन

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 08:05 PM IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) इतिहास में 25 सितंबर की तारीख देश के दो प्रमुख राजनीतिक दिग्गजों के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है। जाने-माने विचारक, दार्शनिक और भारतीय जनसंघ के सह-संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर, 1916 को मथुरा में हुआ था। वहीं, भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल का जन्म 25 सितंबर को 1914 में हुआ था।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जब स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे, उसी वक्त वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संपर्क में आये और आरएसएस के प्रचारक बन गये। हालांकि, प्रचारक बनने से पहले उन्होंने 1939 और 1942 में संघ की शिक्षा का प्रशिक्षण लिया था और इस प्रशिक्षण के बाद ही उन्हें प्रचारक बनाया गया था। वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की नींव रखी गई थी और इस पार्टी को बनाने का पूरा कार्य उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ मिलकर किया था।

भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल का जन्म भी 25 सितंबर को 1914 में हुआ था। वह हरियाणा में ‘ताऊ देवी लाल’ के नाम से प्रसिद्ध रहे। हरियाणा की राजनीति में उनका बहुत दखल रहा और उसी लोकप्रियता के चलते वह राष्ट्रीय राजनीति के मंच पर भी एक बड़ी भूमिका निभाने में सफल रहे।

देश दुनिया के इतिहास में 25 सितंबर की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1654: इंग्लैंड और डेनमार्क ने व्यापार संधि पर हस्ताक्षर किये।

1914: भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल का जन्म हुआ।

1916: प्रसिद्ध भारतीय विचारक, दार्शनिक और भारतीय जनसंघ के सह-संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म हुआ।

1974 : पांचवी पंचवर्षीय योजना पूर्ण हुई।

1974: अमेरिका ने नेवादा परीक्षण स्थल पर परमाणु परीक्षण किया।

1984: मिस्र और जॉर्डन के बीच राजनयिक संबंध बहाल हुए।

1985: अकाली दल ने पंजाब के चुनाव में जीत दर्ज की।

1992: चीन ने लोप नोर, पीआरसी में परमाणु परीक्षण किया।

2008: चीन ने अंतरिक्ष यान ‘शेनझाओ 7’ का प्रक्षेपण किया।

2020: मशहूर गायक एस. पी. बालासुब्रमण्यम का कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद निधन।

2024: चीन ने प्रशांत महासागर में अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया।

2025: पेरिस की अदालत ने आपराधिक साजिश के लिए फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को पांच साल जेल की सजा सुनाई।

भाषा देवेंद्र अविनाश

अविनाश