नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष के. सी. वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश में रेल यात्रियों को मुहैया कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं में गंभीर खामियां हैं और नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने रेलवे की कार्यप्रणाली में कई गंभीर कमियों की ओर इशारा किया है।
उन्होंने कहा कि इन खामियों को दूर किया जाना चाहिए। वेणुगोपाल ने कहा कि एक महीने बाद रेलवे अधिकारियों को फिर तलब किया जाएगा।
पीएसी की बैठक में आम यात्रियों और रेल यात्रियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक के बाद वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यात्रियों को दी जाने वाली बुनियादी सुविधाओं में गंभीर खामियां हैं। इनमें पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंखे और प्लेटफॉर्म पर छत जैसी सुविधाओं में खामियों की बात शामिल हैं।’’
वेणुगोपाल ने कहा कि यह इस विषय पर पहली रिपोर्ट नहीं है तथा कैग की ओर से ऐसी तीन रिपोर्ट पहले ही प्रस्तुत की जा चुकी हैं और पीएसी ने भी इन रिपोर्ट की जांच की है।
उन्होंने कहा, ‘‘ऑडिट ने रेलवे की ओर से गंभीर चूकों की ओर इशारा किया है, जिसकी हम जांच कर रहे हैं।’’
पीएसी अध्यक्ष ने कहा कि समिति इस मामले में रेलवे अधिकारियों के साथ आगे भी चर्चा करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘एक महीने बाद हम रेलवे अधिकारियों के साथ एक और बैठक बुलाएंगे और इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।’’
वेणुगोपाल ने कहा कि यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मामलों की समिति द्वारा गंभीरता से समीक्षा की जा रही है और रेलवे से संबंधित कमियों पर अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि एक सदस्य ने छठ महापर्व के दौरान बिहार जाने वाली रेलगाड़ियों में टिकट की अनुउपलब्धता का विषय उठाया और कहा कि इस समस्या को दूर करने के लिए कदम उठाना चाहिए।
इस पर रेलवे के अधिकारियों ने गंभीरता से विचार का आश्वासन दिया।
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश