नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) अभिनेता शरद केलकर ने असम में आई बाढ़ के बीच मुख्यमंत्री राहत कोष में दान देकर राज्य के प्रभावित लोगों के प्रति समर्थन जताया।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, असम में 19 जुलाई को आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है।
कार्तिक आर्यन, आयुष्मान खुराना और ताहिरा सहित कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने भी राहत कोष में योगदान दिया, जिससे राज्य में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद की जा सकेगी।
विज्ञप्ति के अनुसार, सोनितपुर, नगांव, गोलाघाट, शिवसागर, होजाई, दरांग, जोरहाट, धेमाजी, चराइदेव, कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर और बिश्वनाथ समेत कम से कम 12 जिले अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं।
शुक्रवार को बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 1,47,376 थी।
गोलाघाट सबसे अधिक प्रभावित जिला रहा, जहां 61,735 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
इसके बाद शिवसागर में 43,492 और जोरहाट में 24,283 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
बाढ़ के पानी में 10,599.89 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी फसल अब भी जलमग्न है।
प्रभावित जिलों से मकानों और सड़कों समेत विभिन्न बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की भी खबर है।
भाषा जितेंद्र धीरज
धीरज