जयपुर, 29 अगस्त (भाषा) राजधानी जयपुर में आगामी त्योहारों व नगर निकाय चुनाव के दौरान यातायात पुलिस विशेष बंदोबस्त करेगी। इस दौरान मार्ग में बदलाव के साथ साथ विशेष पार्किंग जोन बनाए जाएंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा ने आगामी त्योहारों (जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी) और चुनावों के मद्देनजर आज यातायात अधिकारियों की बैठक ली।
इस बैठक में दिए गए दिशा निर्देश के अनुसार त्योहारों पर यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। शहर के विख्यात गोविंद देव जी, मोती डूंगरी, इस्कॉन व अक्षरधाम सहित प्रमुख मंदिरों के आसपास भीड़ के मद्देनजर यातायात के मार्ग में बदलाव किया जाएगा और अस्थायी ‘पार्किंग’ जोन बनाए जाएंगे।
इसके साथ ही नगरीय निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकता अनुसार यातायात में बदलाव किया जाएगा।
मुख्य आयोजन स्थलों के साथ-साथ प्रमुख चौराहों और बाजारों में अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। एक बयान के अनुसार शर्मा ने सभी अधिकारियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने और जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए।
भाषा पृथ्वी संतोष
संतोष