गंगटोक, 16 जून (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को गंगटोक में प्रसिद्ध रुमटेक मठ का दौरा किया और 17वें ग्यालवांग करमापा ओग्येन त्रिनले दोरजे के जन्मदिन के अवसर पर उनकी कुशलता की कामना की।
रुमटेक मठ के दौरे के दौरान तमांग ने 12वें गोश्री ग्यालत्सब रिम्पोचे की मौजूदगी में 17वें करमापा का आशीर्वाद लिया और उनकी लंबी उम्र एवं कुशलता के साथ-साथ पूरे मानवता के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
तमांग ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में अपने दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “इस शुभ अवसर पर मैंने 17वें करमापा की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और आध्यात्मिक ज्ञान के साथ-साथ सभी जीवों की शांति, सद्भाव एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की।”
मुख्यमंत्री ने बौद्ध शिक्षाओं की प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “बौद्ध धर्म की शाश्वत शिक्षाएं हमारे जीवन को रोशन करती रहें और हमें करुणा, ज्ञान एवं सार्वभौमिक भाईचारे की भावना की ओर ले जाएं।”
भाषा पारुल मनीषा
मनीषा